रविवार, 2 फ़रवरी 2014

भैंस पर मॉडर्न लेख

भैंस एक जानवर का नाम है। जो काली होती है। भैंस दूध देती है। पहले खाली बिहार की भैंस फेमस हुआ करती थी। अब यूपी की भैंस भी फेमस हो गई है। पहले लालू यादव का इस पर एकाधिकार था। अब आजम खान ने सेंघमारी कर दी है। अब यूपी वाली भैंस ज्यादे फेमस हो गई है। खबर बनती है। टीवी पर दिखती है।

यूपी सरकार भैंस को लेकर काफी फिक्रमंद हैं। मंत्री आजम साहब तो भैंस को बच्चों की तरह पालते हैं। दिन रात ख्याल रखते हैं। रहते लखनऊ में हैं, लेकिन हमेशा ध्यान रामपुर वाली भैंसों पर लगी रहती है।

एक बार आजम साहब की सात भैंस चोरी हो गई। रातों रात तबेले से भैंस गायब। भोरे भोर मंत्रीजी को खबर मिली। मंत्रीजी टेंशन में आ गए। इतना टेंशन तो समाजवादी पार्टी से हटा दिए जाने के बाद भी नहीं हुआ था। इतनी मायूसी तो नेताजी से बिछड़ने के बाद भी नहीं था। किसी ने मुख्यमंत्री अखिलेश जी को इंफोर्म किया। आपके चचा जान की भैंसे चोरी हो गई है। बहुत टेंशन में हैं। खाना-पीना छोड़ दिया है। बोले हैं कि जब तक भैंसे नहीं मिलेगी, तब तक एक बूंद जल तक नहीं ग्रहण करेंगे।

ये खबर सुनकर सीएम साहब चकरा गए। डीजीपी को ऑर्डर दिया कि जहां से भी हो भैंस पकड़के लाओ नहीं तो सबको लाइन हाजिर कर दिया जाएगा। ऊपर से लेकर नीचे तक पूरा पुलिस महकमा एक्शन में आ गया। क्राइम ब्रांच की टीम। डॉग स्क्वॉयड की टीम। एसपी की अगुवाई में सैकड़ों पुलिसवाले भैंस को खोजने निकल पड़े। शहर में खोजा। गांव में खोजा। आसपास के जंगल झाड़ में पुलिसवाले भैंस खोजने निकल पड़े। दिन रात एक करके किसी तरह से भैंस को खोज निकाला।

भैंस मिलने के बाद मंत्री जी की जान में जान आई। भैंस घर पहुंची। मंत्री जी ने उसे दुलारा पुचकारा। चोरों के पास रहने की वजह से भैंस का मुंह सूख गया था। भैंस का सूखा हुआ मुंह देखकर मंत्रीजी को रोना आ गए। तबले से बाहर निकले और तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। सुने हैं कि चोरी की इस वारदात की सीबीआई जांच की मांग होनेवाली है।

यूपी सरकार के इस भैंस प्रेम की देशभर में चर्चा है। टीवी पर खबरें दिखाई जा रही है। अखबारों में लेख लिखे जा रहे हैं। सोशल साइट्स पर भी यही छाए हुआ है। लोकसभा चुनाव नजदीक है। लिहाजा समाजवादी पार्टी के मेनिफेस्टों में भैंस को विशेष स्थान मिलने वाली है। मैनिफेस्टो के मुताबिक कुछ दिन में अखिलेश यादव भैंस को यूपी का राजकीय पशु घोषित करनेवाले हैं। और हां, अगर नेताजी प्रधानमंत्री बने तो भैंस को राष्ट्रीय पशु भी घोषित किया जाएगा। यूपी सरकार की इस पहल पर भैंस समाज में काफी खुशी है। भैंस समाज उन सातों भैंस को सम्मानित करनेवाली है, जो चोरी हो गई थी।

अत: हम कह सकते हैं कि हमारे देश में काफी महत्व है। खासकर उत्तर प्रदेश में। जहां इंसान के हत्यारे भले ही ना पकड़े जाएं। अगवा किए गए शख्स का पुलिस सुराग नहीं ढूंढ पाए,लेकिन भैंस को पुलिस खोज निकालती है।

1 टिप्पणी: