सोमवार, 15 दिसंबर 2014

कौवा और मीडिया

शहर का हर कौवा परेशान था। खलबली मची हुई थी। हर कौवा रडार पर था। भाग-भागा फिर रहा थ। किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था । अचानक क्या हो गया ? जो कौवा दिनभर कानफाड़ कांव-कांव करने में सबसे शातिर था, वो भी सहमा हुआ था। टीवी ऑन किया तो हक़ीक़त पता चला। दरअसल शहर का हर कौवा मोस्ट वांटेड घोषित किया जा चुका था। मीडिया के द्वारा।


इन कौवों को खुद अब तक अपने जुर्म की जानकारी नहीं थी। हर कौवा शक की निगाहों में था। खबरनवीस इन्हें खोज रहे थे। चैनलों पर एक मुहिम चल रही थी। सभी चैनल वाले, सबसे पहले । लगातार। सबसे तेज। सबसे सटीक। तमाम कैप्शन के साथ बड़ी खबर, ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव चलाए जा रहे थे।

रिपोर्टर मुजरिम तक पहुंचने के लिए अपने सुराग तलाश रहे थे। टीवी चैनलों पर सूत्रों के हवाले से बड़े-बड़े दावे किये जा रहे थे। कोई अपने सूत्रों के हवाले से बता रहा था कि आरोपी कौवा काला है। कोई बता रहा था आरोपी कौवे की  गर्दन के नीचे सफेद है। कोई कुछ तो कोई कुछ बता रहा था। कोई बता रहा था कि आरोपी कौवे को नीम के पेड़ पर देखा गया है। कोई बता रहा था कि वो गुप्त रास्तों के जरिए विदेश भागने की तैयारी कर रहा है।

मीडिया के प्रेशर में पुलिस चुन-चुन कर कौवों को हिरासत में ले रही थी। कुछ सांसदों ने संसद में मामला उठा दिया था। सदन बार-बार स्थगित हो रही थी।  तभी अचानक कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। बताया गया कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। कोर्ट में पेशी है। पीड़ित को भी कोर्ट में बुलाया गया। कोर्ट के बाहर मीडिया वालों की भीड़ जमा थी। हर कोई 'दोषी' कौवे से एक्सक्लूसिव टीकटैक करना चाह रहा था।

जज साहब ने पीड़ित से पूछा कि आपका आरोप क्या है। पीड़ित ने बताया कि एक कौवा उसका कान लेकर भाग गया है। ये बात उसे उसको पड़ोसी ने बताई। थाने गया तो  बात सुने बिना पुलिस ने थाने से भगा दिया। गालियां दी। और धमकी भी दी। जान पहचान के एक पत्रकार साहेब से मिले। उनको बताया। उन्होंने बोला कि फेसबुक पर इसे डाल तो, देखो तुम्हारा काम हो जाएगा। फिर कुछ देर बाद देखा कि सभी चैनलों पर ये खबर चल रही थी। सर, कई न्यूज चैनलवालों को तो मैने फोनों भी दिया है।

जज ने पूछा कि आपने अपना कान चेक किया कि नहीं। पीड़त ने ना में सिर हिलाया। जज के कहने पर उसके सिर से बंदर टोपी हटाकर  दोनों कान चेक किया तो पता चला कि किसी कौवे ने उसका कोई कान लेकर नहीं भागा है।

ये खबर कोर्ट से बाहर आई। ज्यादातर मीडिया वाले अपना-तार और माइक समेटकर चुपचाप खिसक लिये। हालांकि वहां खड़े एक दो रिपोर्ट जरूर अपने टीवी पर लाइव चैट दे रहा था कि हमने तो पहले ही बताया था कि खबर झूठी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें