शुक्रवार, 31 जुलाई 2015

याकूब भक्तों के हित में जारी

जो लोग 1993 मुंबई धमाकों के गुनहगार याकूब मेमन को बचाने के लिए अंतिम वक्त तक लड़ते रहे, उन्हें अन्तत: निराशा हाथ लगी। दफ्तर में। चौराहे पर। बस में। ट्रेन में। फेसबुक पर। ट्वीटर पर। ब्लॉग पर याकूब की फांसी के खिलाफ चर्चा की। आप लोगों ने अथक प्रयास किया। लेकिन आप सफल नहीं हो पाए। यकीनन आपलोग बड़े बुद्धिजीवी टाइप के हैं। इसालिए एक देशद्रोही को, 257 लोगों के गुनहगार को बचाने की कोशिश में अंत तक जुटे रहे। जाहिर है आपलोग ये सोच रहे होंगे कि याकूब की फांसी से मानवाधिकार की रक्षा नहीं हो पाई। धर्मनिर्पेक्षता का सवाल है। उससे ज्यादा आपलोगों को ये लग रहा होगा कि किसी एक शख्स को फांसी पर चढ़ा देने से न्याय कैसे मिल सकता है। जुर्म कैसे खत्म हो सकता है। आपकी चिंता जायज है। आपमें से कुछ लोग आतंकी अफजल गुरू को लेकर भी परेशान हुए थे। लेकिन किसी ने आपलोगों की बातें नहीं सुनी। मानवाधिकार को फांसी पर लटका कर मिट्टी के नीचे दफन कर दिया। आतंकी कसाब को जब फांसी दी गई थी, दर्द तब भी आप लोगों को हुआ था। लेकिन चूकी हो पाकिस्तानी था इसलिए आपलोगों में थोड़ी हिचकिचाहट थी। लेकिन मुझे यह याद नहीं है कि जब बलात्कारी धनंजय चटर्जी को फांसी पर लटकाया जा रहा था तो आपलोगों ने चिंता की थी या नहीं। हालांकि वो ट्वीटर और फेसबुक का दौर नहीं था। टेलीविजन पर भी चिल्लम पों नहीं होता था। लेकिन आप मानवाधिकार और धर्मनिर्पेक्षता को लेकर जागरूक रहे हैं तो दोस्तों के बीच, स्कूल, कॉलेजों में जरूर आवाज उठाई होगी। दुर्भाग्य से उस वक्त कैंडल मार्च का अविष्कार नहीं हुआ था। खैर। आपकी चिंता का सम्मान होना चाहिए। आप जैसे लोग देश को बड़े भाग्य से मिलते हैं। जो देशद्रोहियों को, हत्यारों को, बलात्कारियों को बचाने के लिए भी मुहिम चलाते हैं। जानता हूं कि आपलोग याकूब की फांसी के बाद बेचैन हैं। ठीक से सो नहीं पाए हैं। धर्मनिर्पेक्षता आहत है। मानवाधिकार की रक्षा नहीं कर पाए। आप लोगों से विनम्र अपील है कि दिल्ली गैंगरेप के गुनहगारों को बचाने के लिए अभी से मुहिम शुरू कर दें। ताकि गुनहगारों की जान भी बच सके और आपका प्रायश्चित भी हो जाए। हालांकि जुर्म दोनों का अलग था। लेकिन कानून के नजर में गुनहगार दोनों हैं। अगर चार जिंदगी आप बचा लेंगे तो याकूब की आत्मा को जरूर शांति मिलेगी। ट्वीटर, फेसबुक पर बहुत हो गया। मुंबई और दिल्ली में आपलोग जहां भी हैं, याकूब की याद में एक कैंडल मार्च जरूर निकालिए। और हां, आप में से कई लोग इस बात को लेकर आक्रोशित हैं तो फलां को अब तक फांसी नहीं दी, फलां को फांस से दी। ये राष्ट्रहित के लिए चिंता का बड़ा विषय है। हर किसी को एक साथ ही फांसी होनी चाहिए। नहीं तो किसी को नहीं हो। दूसरी बात, आपलोग इंसाफ की बात कर रहे थे तो जाहिर है किसी को फांसी पर लटका देने से किसी पीड़ित के मां-बाप, भाई-बहन या बेटा-बेटी या पति-पत्नी की जिंदगी वापस नहीं आ जाती है। ये भी सही है कि किसी की हत्या या बलात्कार करनेवालों को जेल में बंद कर देने से न तो जिंदगी वापस मिल जाती है और न ही इज्जत। ये कानून ही गलत है। व्यवस्था ही चौपट है। आपलोग चूकि बहुत ही जागरूक, दूरदर्शी किस्म के आदमी हैं। इसलिए आपलोगों से उम्मीद की जाती है कि देश से इस तरह के कानून को खत्म करने के लिए भी कुछ प्रयास करेंगे।

धन्यवाद

शुक्रवार, 24 जुलाई 2015

तो अब साबिर अली देशभक्त हैं !

इंतजार का फल मीठा होता है। साबिर अली को भी मीठा फल गया। बीजेपी ने राष्ट्रभक्त का सर्टिफिकेट दे दिया। गरदन में अपना भगवा गमछा लपेट दिया। फुलों का गुलदस्ता देकर अपना लिया। साबिर भी यही चाहते थे। डेढ़ बरस पहले जल्दबाजी में थे। नकवी में लंगड़ी मार दी। ऐसे गिरे कि होश आते-आते डेढ़ बरस लग गए। खैर , देर आए। दुरुस्त आए। अब किसी को शिकवा नहीं है। साबिर के लिए नकवी बड़े भाई जैसे हैं। गिरिराज सिंह के लिए साबिर अली एक सच्चे देशभक्त हैं। दूरदर्शी अमित शाह और भूपेंद्र यादव के लिए फायदे का सौदा। बड़े नेताओं ने फैसला किया तो छुटभैय्ये अब जय जयकार करने लगे हैं। कल तक टीवी स्टूडियो में बैठकर एक-दूसरे की बखिया उकेर रहे थे। अब पार्टी दफ्तर से लेकर चुनावी मंच पर एक दूसरे से गलबहियां करेंगे। यही सियासत है। यही सच है।

साबिर अली सधे हुए नेता हैं। रामविलास पासवान के बंगले से निकले थे, तो पहचान बनी थी। रामविलास की सियासी पहचान मलीन होने लगी तो साबिर साहब ने नीतीश का दामन थाम लिया। राज्यसभा सांसद बन गए। टीवी स्टूडियो में बैठकर विरोधियों पर तीर चलाने लगे। नीतीश जब मोदी से अलग हुए थे तो बहुत खुश हुए थे साबिर साहब। गुजरात दंगों का एक-एक आंकड़ा रट्टा मार लिया था। सब जुबान पर था। बीजेपीवालों की बोलती बंद कर देते थे। लेकिन लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार ने साबिर साहब को चुनाव लड़ने की तैयारी करने को कहा तो विदक गए। चुनाव लड़ने के लिए तो कभी राजनीति की नहीं। जानते थे कि जमानत जब्त हो जाएगी। टीवी पर बोलकर। पैसा खर्चकर। सियासत में टिकने की ख्वाहिश लेकर मैदान में उतरे थे। लेकिन नीतीश माने नहीं। मन खट्टा हो गया। पार्टी छोड़ दी। हवा का रुख भांप लिया। मौकापरस्ती में साबिर साहब ने भी अपने नाम की एक लकीर खींच दी। मोदी का प्रचार करने के लिए मुरेठा बांधकर तैयार हो गए। लेकिन नकवी ने खेल बिगाड़ दिया। साबिर अली भी जिद्दी निकले। किसी दूसरी पार्टी की तरफ मुंह नहीं ताका। जाएंगे तो बीजेपी में। करीब डेढ़ बरस की कड़ी मेहनत के बाद सफलता मिली। आतंकी से रिश्ते के आरोप में निकले थे। सच्चे देशभक्त मुसलमां बनकर लौट आए हैं।

साबिर अली बिहार में विधानसभा चुनाव नहीं लडेंगे। ये तो तय है। अगर चुनाव ही लड़ना होता तो नीतीश के साथ रहते। खैर, साबिर अली खुद भी जानते हैं कि उनका कोई जनाधार नहीं है। अपनी बदौलत वो 10 हजार वोट भी बमुश्किल इकट्ठा कर पाएंगे। लेकिन बीजेपी के रणनीतिकार इससे आगे की सोचते हैं। उन्हें लगता है कि कुछ मुस्लमानों को पार्टी में जोड़ने से बिहार में उनकी छवि बदलेगी। मुस्लमानों का कुछ वोट इनके हिस्से भी आएगा। लेकिन बीजेपी की ये गलतफहमी है। साबिर अली जैसे नेताओं को पार्टी में रहने-ना रहने से बड़ा फर्क नहीं पड़ता है। लगता है कि बीजेपी ने जल्दबाजी कर दी। बीजेपी को तो साबिर अली से ही सीखना चाहिए था। इंतजार करना चाहिए था। लोकतंत्र के चाणक्य इंतजार नहीं करते। क्योंकि अब तो हर पार्टी, हर घर में एक चाणक्य है।  

बिहार में चुनाव की तारीख का अभी एलान होना बाकी है। अगले  दो-ढाई महीने में बड़ी तादाद में राष्ट्रभक्त, धर्मनिर्पेक्ष, समाजसेवी के सर्टिफिकेट बांटे जाएंगे। बीजेपी ने शुरुआत कर दी है। हर पार्टी में ऐसा होना है। बड़ी तादाद में घर वापसी भी होगी।  भ्रम भी टूटेगा। कईयों को दृव्य ज्ञान की प्राप्ति होगी। भाई-मिलन होगा। बस देखते रहिए।  

गुरुवार, 16 जुलाई 2015

चलती ट्रेन मतलब बुद्धिजीवियों की सोसायटी

जब कभी दिल्ली से गांव जाता हूं। या फिर गांव से दिल्ली आने के लिए ट्रेन में बैठता हूं, एक गजब अहसास होने लगता है। ट्रेन जैसे-जैसे आगे बढ़ने लगती है अरस्तू सत्य लगने लगते हैं। समाज की परिकल्पना यथार्थ दिखने लगती है। ऐसा लगने लगता है कि ट्रेन, ट्रेन नहीं बल्कि एक सोसायटी है। बॉगी अपार्टमेंट की तरह लगने लगती है। कंपार्टमेंट फ्लैट की तरह। और अपना बर्थ बेडरूम जैसा।

चलती ट्रेन ऐसी सोसायटी में तब्दील हो जाती है, जहां सिर्फ बुद्धिजीवियों का वास होता है। ऐसे-ऐसे तर्कशास्त्री जिनका कोई तोड़ नहीं है। जो ये साबित कर देते हैं कि कराची या इस्लामाबाद अब तक हिंदुस्तान का हिस्सा इसलिए नहीं है क्योंकि यूएनओ में इन्होंने भाषण नहीं दिया। पता नहीं भारत सरकार इन्हें यूएनओ या फिर द्विपक्षीय वार्ता के लिए क्यों नहीं भेजती है। अपने तर्कों से ये संबंध प्रमाणित करने वाले डीएनए को भी बदल सकते हैं।

एक फ्लैट से दूसरे फ्लैट में छन-छन कर आती आवाज ये पुख्ता करती है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। ये चाणक्य का मुल्क है। चाणक्य अब नहीं रहे तो क्या हुआ। उनको पीछे छोड़ने की चाहत रखने वाले राजनीति शास्त्र के पुरोधा बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। चलती ट्रेन में जब एक बार बात सियासत की शुरू होती है तो ऐसे-ऐसे समीकरण निकालते हैं, कि पूछिए मत। अगर नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी या फिर लालू-नीतीश इनकी बात सुन लें तो कल से अपना राजनीतिक सलाहकार बना लेेंगे। बड़े अखबार के संपादक इनसे मिल लिए तो वो अखबार में हर दिन एक कॉलम इनसे  लिखवाने के लिए एग्रिमेंट कर लेंगे। टीवी के चैनलहेड ने देख लिया तो प्राइम टाइम के डिबेट शो का हिस्सा बनाने के लिए इनके घर के सामने पर्मानेंट ओवी वैन लगा कर छोड़ देंगे।

लोकसभा चुनाव 2014 से कुछ दिन पहले भी अगर राहुल गांधी इनसे मंत्र ले लेते तो वो जरूर प्रधानमंत्री बन जाते। राजनीति शास्त्र के ये ज्ञाता ऐसे बात करते हैं जैसे ये उनकी हर खूबी-कमजोरी से वाकिफ हैं। राहुल की तरह मोदी भी बड़ी भूल कर रहे हैं। एक अच्छे प्रधानमंत्री होने के बावजूद मोदी अब तक देश में अच्छे दिन इसलिए नहीं ला पाए क्योंकि वो इनसे मशविरा नहीं कर रहे हैं। इन्हें पता है कि दिल्ली के अगले विधानसभा चुनाव में केजरीवाल की जमानत जब्त हो जाएगी। अभी भी वक्त है, अगर लालू यादव या फिर नीतीश कुमार टेलीफोन से ही इनसे सलाह ले लेंगे तो बात बन जाएगी। वरना रिजल्ट तो चुनाव की तारीख के ऐलान से पहले ही घोषित कर दिया है।

बात शुरू होती है तो दिल्ली से निकलकर न्यूयॉर्क तक पहुंच जाती है। चर्चा ओबामा और अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव तक होती है। बॉबी जिंद अगर वाकई अमेरिका का राष्ट्रपति बनने को लेकर सीरियस हैं तो इनसे बात करनी चाहिए।

ये बुद्धिजीवी जानते हैं कि ट्रेन में बिकनेवाला खाना शुद्ध नहीं होता। ये भी पता है कि बिस्किट, कोल्डड्रिंक या चिप्स काफी महंगा बेचा जाता है। डुप्लिकेट रहने की संभावना ज्यादा रहती है। इसलिए खरीदकर नहीं खाते। इन्हें ये भी मालूम है कि ट्रेन में बिकनेवाली चाय में कोई स्वाद नहीं होता। गर्म पानी जैसा है। लेकिन इसलिए खरीदकर पी लेते हैं ताकि कि बेचनेवाले गरीब का कल्याण हो जाएगा।

चाय की चुस्की के साथ निकलनेवाला क्रिकेट का ज्ञान धोनी का नसीब बदलनेवाल होता है। धोनी के खेल में अब भी जान बची है लेकिन खुद को बदलना होगा। कप्तानी का तरीका बदलने की जरूरत  है। विराट कोहली जब से अनुष्का के साथ रहने लगा है तब से चौपट हो गया है। शॉट सेलेक्शन ठीक नहीं होता। इनके टिप्स मान लें तो बेहतर खेल सकता है। 2015 में भारत वर्ल्ड कप नहीं जीतेगा, इसकी भविष्याणी तो 2 साल पहले ही कर दी थी। आईपीएल में मैच फिक्सिंग होती है ये भी इन्हें पता था। लेकिन इनको क्या मतलब।

ये इनते बड़े बुद्धिजीवी हैं जिनका सहयोग अगर सरकार ले तो हिंदुस्तान दुनिया में हर क्षेत्र में शीर्ष पर पहुंच सकता है लेकिन इनके साथ वैसा ही भेदभाव किया जा रहा है जैसे एमबीबीएस, एमडी या एमएस डॉक्टर और बवासीर, नपुंसकता, गुप्त रोग धातु स्राव जैसी गंभीर बीमारी का चुटकी में इलाज करनेवालों में भेदभाव होता है। एक बड़े-बड़े अस्पताल में रहकर भी मरीजों की जान नहीं बचा पाते और दूसरे ट्रेन के टॉयलेट में, रेलवे लाइन के किनारे दीवार पर, आरटीवी बसों में इश्तेहार देकर ही जनकल्याण करते हैं। 

ट्रेन की खिड़कियों से खेत दिखने के बाद देश में कृषि : इतिहास, वर्तमान, भविष्य की स्थितिजैसे गंभीर विषय पर परिचर्चा शुरू हो जाती है। सूखा, बाढ़ से लेकर किसानों की खुदकुशी तक चर्चा की जाती है। इसको लेकर सरकार को जिम्मेदार ठहराते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए अचूक उपाय बताते हैं। इनके बताए उपाय सरकार मान लें तो खेती और किसान की समस्या चुटकी में निपट सकती है। लेकिन इनसे कोई पूछता ही नहीं। यही देश का दुर्भाग्य है।

कुछ लोग तर्क-कुतर्कों की चरम सीमा पर पहुंच जाते हैं। जिन्हें बाकी लोग मग्न होकर सुनते रहते हैं। जैसे उन्हें पहलीबार ज्ञान के सागर में डुबकी लगाने का मौका मिला है। हां, कुछ अपरोजक टाइप के लोग भी रहते हैं, जो इन महाज्ञानियों के ज्ञान की दो घूंट पीने के बजाय सोते रहते हैं या फिर किताबों या मोबाइल में मग्न रहते हैं। ये ऐसे अपवाद माने जाते हैं, जिनका राष्ट्र निर्माण से कोई लेनादेना नहीं है। देश इनके लिए कोई मायने नहीं रखता। इसीलिए राष्ट्र हित के बारे में सोचने की सारी जिम्मेदारी इन्हीं बुद्धिजीवियों पर रहता है।

गुरुवार, 18 जून 2015

मुझे रमदान नहीं मुहर्रम पसंद है।

रमदान का महीना शुरू हो चुका है। मुझे नहीं पता कि मुस्लिमों का सबसे बड़ा पर्व कौन सा है। रमदान। ईद। बकरीद। मुहर्रम। या कोई और। लेकिन इन सब में मुहर्रम मुझे सबसे अच्छ लगता है। 

जब हम बहुत छोटे थे। गांव में रहते थे। तब इन पर्वों के बारे में नहीं जानते थे। रमदान या ईद-बकरीद कब आता था, यकीनन पता नहीं चलता था। कोई मुस्लिम दोस्त भी नहीं था। लिहाजा इसमें कोई दिलचस्पी नहीं थी। लेकिन मुहर्रम के बारे में 15-20 दिन पहले ही पता चल जाता था। या- अली, या-अली बोलते हुए लोग दौड़  लगाते थे। मेरे एक भैया भी ऐसा करते थे। मौसी ने कुछ मन्नत मांगी थी उनके लिए। मुस्लिम लड़कों के साथ वो भी या-अली, या-अली बोलते हुए दौड़ लगाते थे। मजा आता था देखकर। यकीन मानिए बेसब्री से इंतजार करते थे हम मुहर्रम का।

दरअसल मुहर्रम पर तजिया निकाला जाता है। जिसकी तैयारी 15 से 20 दिन पहले शुरू हो जाती है। इसका बकायदा रिहर्सल होता था। ढोल और तासे की गड़गड़ाहट जब गांव के एक कोने में गूंजती थी तो माहौल में एक उत्साह भर जाता था। कई दफा हम देखने के लिए भी जाते थे। और जिस दिन तजिया निकलता था, उस दिन दोपहर के बाद तो पता ही नहीं चलता था कि मुस्लिमों का पर्व है या हिंदुओं। हां एक बात और, हमारे गांव में नवरात्र के दौरान भी ऐसा ही होता है।

तजिया जब मुस्लिम बस्ती से निकलता तो पूरा गांव उत्साह से भर जाता। लाठियां भांजते। नाचते। गाते। तासा पीटते जब मुस्लिम लड़के-बजुर्ग-महिलाएं सड़क पर निकलते तो हर कोई दरवाजे पर खड़ा हो जाता। उन्हें देखने के लिए।

हमारे घर का खलिहान काफी लंबा-चौड़ा है। बजरंगबली का एक मंदिर भी है। उस खलिहान में आधे घंटे से ज्यादा देर तक लोग तजिया लेकर खड़े रहते। लड़के लाठियां भांजते। ढोल-तासे की थाप पर नाचते। उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा हो जाती थी। कहां फर्क रह जाता था हिंदू-मुस्लिम में। तारीफ बटोरकर लड़के आगे बढ़ जाते थे। सबसे अच्छा लाठी भांजनेवाला हीरो हो जाता था। बुजुर्ग बाग पूछते की ये किसका बेटा है। कभी-कभी पैसे भी देते थे। हां, ये पैसे देने वाले और नाम पूछने वाले हिंदू होते थे। ब्राह्मण। बहुत अच्छा लगता था जब हमारे घर के अहाते में बैठे बजरंगबली भी ये सबकुछ देखते। मुस्कुराते रहते थे।

हालांकि जब लोगों का बौद्धिक विकास चरम पर पहुंच गया तो सबकुछ खत्म हो गया। पर्व-त्योहार में भी सियासत ने एंट्री मारी। 1996 के बाद सब बंद हो गया। कई सालों तक पता ही नहीं चलता था कि कब मुहर्रम हुआ। कब तजिया निकला। बाद में धीरे-धीरे माहौल सामान्य होने लगा,तब तक मैं गांव से निकल गया था।

अब तो फेसबुक के सौजन्य से पता चलता है मुहर्रम, ईद और रमदान के बारे में। फेसबुक का पैरामीटर बताता है कि रमदान और ईद मुस्लिमों का सबसे बड़ा पर्व है। मुहर्रम के मुकाबले रमदान और ईद में ज्यादा बधाईयां मिलती है। लेकिन यकीन मानिए मुझे आज भी मुस्लिमों का सबसे बड़ा और अच्छा पर्व मुहर्रम ही लगता है। रमदान में किसी मुस्लिम दोस्त के साथ बैठकर इफ्तार खाने के दौरान भी मुझे वो तजिया याद आता है। लाठी भांजनेवाले लड़के और तासे की गड़गड़ाहट।

बुधवार, 17 जून 2015

मानवता पर 'ललित' निबंध

मानवता बड़ी चीज होती है। मानवता मनुष्य का एक स्वभाव है। जिस हर कोई अपने स्तर से प्रकट करता है। मानवता कौन दिखा रहा है। किसके ऊपर दिखा रहा है। यह काफी महत्वपूर्ण होता है। जाहिर है मानवता दिखाने को लेकर भी प्रतिस्पर्धा है।

मानवता का समाजशास्त्र

मानवता के लिए हैसियत बहुत मायने रखता है। बड़े लोग, बड़े लोगों को मानवता दिखाते हैं। छोटे लोग, छोटे लोगों को मानवता दिखा पाते हैं। गरीबों की मानवता की चर्चा कहीं होती ही नहीं। बड़े लोगों की मानवता की चर्चा देश-विदेशों तक होती है। टीवी चैनलों पर बताया जाता है। अखबारों में विश्लेषण किया जाता है। बड़े लोगों की मानवता अमर हो जाती है। 15-20 बरस बाद भी उसे उदाहरण के तौर पर पेश किया जाता है। 

मानवता का अर्थशास्त्र

मानवता का अंकगणितीय महत्व भी काफी होता है। मानवता दिखाते वक्त विशेष ख्याल रखा जाता है कि सामने वाले भी उसी महत्व की मानवता दिखाएं। तरीका अलग हो सकता है। जैसे ट्रेवल वीजा के बदले कॉलेज में दाखिला। या गैरेंटर बनने पर कंपनी में हिस्सेदारी। या फिर देश छोड़कर जाने की इजाजत देने पर स्विस बैंक अकाउंट में कैश डिपोजिट या विदेशी कंपनी में शेयर।

मानवता का राजनीतिशास्त्र

इस तरह की मानवता में चुनाव के वक्त मदद ली जाती है। जिसके बदले नेता, मंत्री सरकार बनने के बाद मानवता दिखाते हैं। जैसे खनन माफिया पर मानवता दिखाकर उसे मनमानी करने से रोकते नहीं है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रीय दलों के मुखिया केंद्र सरकार को समर्थन देकर मानवता दिखाते हैं बदले में सरकार उन्हें बड़े घोटालों में सीबीआई जांच से बचाकर मानवता दिखाती है।

मानवता का निष्कर्ष

मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री अंतर्राष्ट्रीय स्तर की मानवता दिखाते हैं। उन्हें स्थानीय स्तर की मानवता में खास दिलचस्पी नहीं होती है। अगर होती भी है तो उन्हें ही मानवता दिखाते हैं जो बडे-बड़े उद्योगपति टाइप के होते हैं। जो अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाने की माद्दा रखते हैं। बड़े नेता लोग दरअसल मानवता को ग्लोबलाइज्ड करने में भरोसा करते हैं। ताकि हिंदुस्तानी मानवता को अन्तर्राष्ट्रीय पहचान मिले। फिर मानवता दिवस मनाएं। योग की तरह।

शुक्रवार, 12 जून 2015

सियासी पार्टियों की नैतिकता कहां है ?

देश की सबसे बड़ी पार्टी की नैतिकता को साहेब ने जूते से रौंदकर चूड़ीदार पैजामे के साथ दीवार पर टांग दिया। इंसाफ की आस में कई दिनों तक लटकी रही। तड़पती-कराहती रही। साहेब अहमदाबाद से दिल्ली आ गए। नैतिकता वहां से निकली तो बहू की चौखट पर लटपटा कर गिर पड़ी। फिर कहां-कहां गिरी खुद पता नहीं। साक्षी-योगी-साध्वी तो फुटबॉल समझकर खेलते रहते हैं। फिलहाल दिल्ली के 15 अशोक रोड में एक कमरे में पड़ी है। शायद कोमा में है।

देश की नई नवेली और सबसे ईमानदार पार्टी से नैतिकता को काफी उम्मीदें थी। लेकिन सरकार बनते ही भ्रम टूट गया। पहले पेड़ पर गमछा से लटका दिया। फिर फर्जीवाड़ा के फांस में फंसा दिया। कई दिनों तक धरने पर बैठी रही। किसी तरह मंत्री से छूटी तो विधायक ने कुत्ते से कटवा दिया। इस वक्त मुख्यमंत्री निवास के गेट पर लहुलूहान पड़ी हुई है।

देश की सबसे पुरानी पार्टी नैतिकता को काफी पहले ही तालाक दे चुकी है। तालाक देने से पहले जमकर कुटाई की थी। शरीर का एक भी अंग सही सलामत नहीं छोड़ा था। मैडम से लेकर अदना विधायक और छुटभैया नेता तक। सबने हाथ साफ किया था। हालांकि कुर्सी जब से छिटकी है उसके बाद से फिर याद आई है। कभी मैडम तो कभी भैया, कभी कभार बहन जी भी हालचाल पूछ लेते हैं। अभी 10 जनपथ में बुला ली गई है। एक छोटे से कमरे में रह रही है। बस सांसे चल रही है।

लोहिया की पार्टी में तो समाजवादी शिरोमणि को नैतिकता कभी पसंद ही नहीं आई। नैतिकता को नेताजी हमेशा हीन भावना से देखते रहे। इसलिए तो उन्होंने भरी सभा में नैतिकता का रेप करवाया। मंत्रियों ने जब चाहा पीटा। गोली मारी। छद्म समाजवाद के एक पुरोधा जो अभी मंत्री भी हैं, उन्होंने नैतिकता को आग में झोंक दिया। जूनियर नेताजी ने भी कह दिया है कि हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। मुख्यमंत्री होकर भी भैयाजी मुंह ताक रहे हैं क्योंकि उनके पापा ने पहले ही बता दिया था हमारे घर में कोई भी आ जाए लेकिन नैतिकता नहीं आनी चाहिए।

नैतिकता को लगा कि दीदी रहम दिल है। उनके घर में मान होगा। औरत भी हैं। दर्द समझेगी। लेकिन उसे क्या पता कि वो गलतफहमी में जी रही है। एक ही घोटाले में नैतिकता को जेल में बंद करवा दिया। नैतिकता इस वक्त जेल में चक्की पीस रही है।

सुशासन बाबू की नैतिकता फिलहाल चारा प्रमुख के घर में गिरवी है। पिछले साल जब केंद्र में उनके दुश्मन की सरकार बनी तो सुशासन बाबू ने अपने सिर से ताज उतारकर नैतिकता को बिठा लिया। नैतिकता अचंभित थी हृदय परिवर्तन देखकर। अब तक जूते के नीचे दबी हुई पड़ी थी। अचानक माथे पर आ गई। लेकिन सुशासन बाबू ज्यादा दिनों तक नैतिकता का भार नहीं बर्दाश्त कर सके। अब तो स्थिति ये है कि अपने घर से भी दूर कर दिया है नैतिकता को।

बुधवार, 3 जून 2015

माय डियर मैगी...आई लव यू !

माय डियर मैगी। आई लव यू। तुमसे बिछड़ने का बहुत दर्द हो रहा है। पता नहीं तुम मेरी जिंदगी में कभी लौटकर आओगी या फिर कॉलेज वाली गर्लफ्रेंड की तरह हमेशा के लिए चली जाओगी। कसम से। जितना प्यार उससे करता था, उससे कहीं भी कम तुम से प्यार नहीं था मुझे। खाने के मामले में बीडीसी यानी भात-दाल-चोखा के बाद सबसे ज्यादा तुम से ही प्यार हुआ। 

यकीन मानो मैं डरपोक नहीं हूं। मैं तुम्हें खा-खाकर कई दिन बिताएं हैं। सही-सही याद नहीं है कि कब पहली बार तुमको देखा था। तुम्हें चखा था। तुमसे कब दोस्ती हुई। कब इश्क हो गया। कब तुम मेरी जिंदगी का हिस्सा बन गई। लेकिन जब इतनी बंदिशें लग जाए तो कोई क्या करे। सरकार तक पहड़ा देने लगी है।

एक- दो दिन नहीं कई रातें बीती थी तुम्हारे सहारे। जब बहुत थक जाता था तो तुम्हीं साथ देती थी। जब खाना बनाने का मन नहीं होता था तो तुम तैयार रहती थी। जब कभी जल्दबाजी में रहा तो तुमने साथ दिया। पटना में जब तक बैचलर रहा अटूट रिश्ता बन गया था तुम्हारे साथ। दिल्ली आया तो भी प्यार कम नहीं हुआ।

लोग कह रहे हैं कि तुम्हारे भीतर गंदगी है। बीमार करने वाली गंदगी। शायद शीशा की मात्रा ज्यादा बता रहे हैं। मुझे तो सबकुछ फरेब सा लग रहा है। तुम्हें मेरी जिंदगी से दूर करने की साजिश लग रही है। कैसे यकीन कर लूं मैं लोगों की बातों पर। जो मेरे खून में रच-बस गई है। सालों से तो कुछ नहीं हुआ मुझे। फिर कैसे एकाएक कह रहे हैं कि तुम बीमारी हो।

एक बात बताऊं। ये दुनिया बहुत फरेबी है। यहां के लोग झूठे हैं। बीमार हैं। गंदे हैं। इनसे किसी का मोहब्बत बर्दाश्त नहीं होता है। दुकानों से दूर कर दिया। 

एक राज़ की बात बताता हूं। तुम्हें बेइंतहा मोहब्बत करने की बड़ी वजह तुम्हारा कम खर्चीला होना था। तुम फटाफट तैयार भी हो जाती थी। तुम्हारी ये अदा बेहद पंसद थी मुझे। ये बातें किसी और में कहां है। सस्ता।जल्दी। और टिकाऊ वाली।

पता नहीं जांच में क्या निकलेगा। लेकिन दुआ करता हूं कि लोगों के आरोप झूठे हो। तुम बेदाग निकलो। सच्ची मोहब्बत की तरह। अगर सही में तुममें खामियां होगी तो बहुत दर्द होगा। इसलिए नहीं कि तुम मेरी जिंदगी से हमेशा के लिए चली जाओगी। इसलिए कि मैं जिससे इतना प्यार करता था, वो एक बार फिर फरेब निकली। कॉलेज वाली गर्लफ्रेंड की तरह।