मंगलवार, 31 जुलाई 2012

ब्लॉग माया

तथाकथित बुद्धिजीवियों की सबसे बड़ी बीमारी है छपास की। वो छपना चाहता है। दिखना चाहता है। खुद की तारीफ चाहता है। रचना कैसी भी हो। बस छपना चाहिए। बस इतनी तमन्ना होती है। एक बार किसी अखबार या पत्रिका में उसकी लिखी हुई कोई स्टोरी छप जाए। फाइल में सहेज कर रखता है। जैसे पुरखों का वसीयतनामा हो। कुछ तो उस कतरन में लेमिनेशन करवा कर रखता है। लोगों को दिखाने के लिए है। दिखाते वक्त, दिल में जो गुदगुदी होती है। वो वही महसूस कर सकता है।
   अखबारों के दफ्तर का चक्कर लगाते-लगाते चप्पल तोड़नेवालों के लिए गुगल, ब्लॉग के रूप में वैसा ही वरदान दिया, जैसे सालों तपस्या के बाद अचानक भगवान मिल जाए। लोगों ने धड़ाधड़ ब्लॉग बनाना शुरू कर दिया। भाड़ में जाए अखबार वाले। बहुत जी हुजूरी कर लिये। अब अपना ब्लॉग। अपना मालिकाना। जब मन हुआ तब छाप दिये। जो मन हुआ, वो बिना कांट छांट के छाप दिये। भले ही वो सड़ांध ही क्यों न हो। सीना अड़तालिस इंच चौड़ा हो जाता है, जब लिखे हुए ब्लॉग में कॉमेंट छपता है कि क्या जबर्दस्त लिखा है साहब आपने। पूरी हक़ीकत बयां कर दी। ऐसे ही लिखते रहिए। मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं। वगैरह। वगैरह।
    लोग अपनी लिखी हुई बातें (सड़ांध भी हो सकती है) लोगों को पढ़वाने के लिए क्या क्या नहीं करते। दूसरे को ई-मेल करते हैं। फेसबुक पर रिक्वेस्ट करते हैं। यहां तक कि मोबाइल से भी मैसेज करते हैं। ताकि कोई पढ़ ले। तारीफ में दो शब्द लिख दे। कुछ तो बकायदा फोन करके भी बताते हैं कि जरा पढ़ के बताइएगा। कैसा लिखा है। हां एक बात और। ब्लॉग में फॉलोअर की संख्या में बढोत्तरी देखकर भी अतिप्रशन्नता का भाव उमड़ता है।
नाम और छपास की बीमारी देखिए कि कुछ लोग तो ब्लॉग क्या होता है, ये सुनकर भी ब्लॉग बना लेते हैं। ब्लॉग का कुछ नाम डालकर रजिस्ट्री करवा लेते हैं, जैसे फ्री में कोई ज़मीन मिल रही हो। इस तरह के लोग या तो ब्लॉग पर कोई पोस्ट नहीं डालते या फिर एक आधबार डालकर वैसे भूल जाते हैं जैसे पांच साल बाद दोबारा पोस्ट करेंगे तो रेवेन्यू मिलेगा। मुश्किल होती है उन लोगों के लिए जो देर से ब्लॉग के बारे में जानते हैं। जब उन्हें कोई नाम नहीं सूझता है। जो नाम डालने की कोशिश कि वो पहले से कब्जा किया हुआ मिलता है।      
  छपास की ये बीमार सिर्फ तथाकथि पत्रकारों में ही नहीं होती। हर क्षेत्र के लोगों इस रोग से ग्रसित हैं। बडे-बड़े नेता। अभिनेता। खिलाड़ी। व्यापारी। जुकाम की तरह फैलती है ये बीमारी। एक ने छींका तो दूसरे में भी घुस गया। पता भी नहीं चलता। कब ब्लॉगर बन गये। दूसरों को मैसेज करने लगे। और ब्लॉग पोस्ट में जाकर कॉमेंट को खंगालने लगे। कि किसने क्या लिखा है। कॉमेंट में तारीफ कर दी तो सीना चौवालीस इंच चौड़ा हो जाता है। अगर कॉमेंट तारीफ में हो तो अड़तालीस इंच से भी ज्यादा। लेकिन कॉमेंट न आए तो चिंता बढ़ जाती है। कभी कभी तो ब्लॉग लिखनेवाले खुद दूसरा एकाउंट बनाकर या बेनामी नाम से भी कॉमेंट लिख देता है। ताकि दूसरों को लगे उसका ब्लॉग पढ़ा जा रहा है। खैर, ये तो चिरकुट टाइप ब्लॉगर का कारनामा होता है। लेकिन एक बात तो साफ है कि छपास की बीमारी से ग्रसित लोगों को ब्लॉग के रूप में ऐसी एंटबाइटिक मिली है, जो वैसा ही काम करता है जैसे सिर दर्द की बीमारी में सेरिडॉन। जिसे खाने के बाद लोगों को महसूस कराता है कि अब ठीक हो। कितना ये नहीं पता।
  

शनिवार, 28 जुलाई 2012

जवानी में भूल हो गई, मी लॉर्ड


मी लॉर्ड गुजारिश है कि मेरी उम्र...मेरी प्रतिष्ठा...मेरी मान,,,मेरी मर्यादा,,,समाज के लिए किये गये मेरे नेक काम को ध्यान में रखा जाए...इस केस को यहीं खत्म किया जाए...

हां हां मी लॉर्ड....जवानी में किये गये नेक काम का खुलासा बुढ़ापे में हो रहा है....इसी तरह और कितने नेक काम किये हैं....एक एक कर बताएंगे क्या.....

ऑब्जेक्शन योर ऑनर ऑबजेक्शन....ये सब झूठ है....बकवास है...मुझे पर गलत लांछन लगाने की कोशिश हो रही है....

ये लांछन नहीं...हकीकत है योर ऑनर..

क्या सबूत है इनके पास...

मैं खुद एक सबूत हूं योर ऑनर...और भी कई होंगे....

ऑर्डर....ऑर्डर...ऑर्डर...

मेरे साथ साजिश हो रही है,,,,,टोटली कांसीप्रेसी,,,,मी लॉर्ड, मुझे फंसाया जा रहा है....पूरी तरह से बदनाम करने की कोशिश हो रही है.....

नहीं मी लॉर्ड...डीएनए रिपोर्ट आपके सामने है....

ऑर्डर... ऑर्डर....दोनों का डीएनए मैच कर रहा है....आप दोनों जैविक रूप से बाप-बेटे हैं.

नहीं मी लॉर्ड....ये क्या कह रहे हैं आप...जवानी में गलती हो गई...लेकिन उसकी इतनी बड़ी सजा....वो भी बुढ़ापे में...

नहीं मी लॉर्ड...ये जवानी में की गई महज ग़लती भर नहीं है...ये किसी की ज़िंदगी का सवाल है मी लॉर्ड.....किसी के जज्बात के साथ धोखा....किसी के विश्वास के साथ फरेब है….किसी की जिंदगी के साथ खेल हुआ है मी लॉर्ड...

ऑब्जेक्शन यॉर ऑनर...ऑब्जेक्शन.....मैं धोखेबाज नहीं हूं...फरेबी नहीं हूं मी लॉर्ड....उस वक्त मुझे क्या पता था कि तीस साल बाद ऐसी टेक्नोलॉजी आएगी...जो बाप का पता लगायेगी...इतना पता रहता तो मैं कुछ और जुगाड़ करता...

आपने ने जो किया, ये उसी का परिणाम है...रोपा पेड़ बबुल का, आम कहां से पाए.....

ये सरासर अन्याय है मी लॉर्ड...क्या मैं पहला आदमी हूं,,,जिन्होंने ऐसा किया...मेरी बिरादरी में कौन ऐसा है....जिनका किसी दूसरी के साथ ताल्लुकात नहीं है...लेकिन जब मैं बूढ़ा हो गया हूं....किसी पोजिशन में नहीं हूं तो बदनाम किया जा रहा है...

ऑबजेक्शन योर ऑनर...बदनाम करने की कोई कोशिश नहीं है....मेरा दूसरों से क्या लेना देना...मेरी ही तरह दूसरा भी कोर्ट में पहुंचे...तब सब बिना परमीशन के बाप बेनकाब होंगे मी लॉर्ड...व्हाइट कॉलर के भीतर की गंदगी बाहर आएगी मी लॉर्ड.....

शुक्रवार, 27 जुलाई 2012

अन्ना से आगे निकल गये बाबा


  तो क्या भ्रष्टाचार मिटाने के लिए जारी लड़ाई में अन्ना हजारे से आगे निकल चुके  हैं स्वामी रामदेव । ये सवाल बड़ा इसलिए है क्योंकि जंतर मंतर पर भीड़ जुटाने के लिए जब टीम अन्ना की सभी रणनीति फेल हो रही थी, तभी बाबा के पहुंचते ही अनशन स्थल खचाखच भड़ गया । रामदेव के मंच पर पहुंचते ही न सिर्फ भीड़ बढ़ी बल्कि भीड़ देखकर टीम अन्ना का भी जोश बढ़ गया । जिस रामदेव को देखकर टीम अन्ना के सदस्य कभी कतराते थे, उन्हें गले लगा लिया ।
    याद कीजिए ठीक एक बरस पहले जब देश अन्ना का दीवाना था । और रामदेव पिट गये थे । रामदेव पर कई तरह के आरोप लगने लगे । उस वक्त टीम अन्ना ने रामदेव से पूरी तरह किनारा कर लिया था । लेकिन दिसंबर के अनशन में भीड़ क्या कम हुई। टीम अन्ना के सदस्य रामदेव की ओर खींचते चले गये । और अब जब जंतर मंतर पर लोग नहीं पहुंचे तो  टीम अन्ना बाबा का सहारा खोजने लगी । मौका देखकर स्वामी भी संजीवनी लेकर पहुंच गये और अपनी ताक़त का अहसास करा दिया ।
      स्वामी रामदेव पहले ही राजनीतिक पार्टी बनाने के संकेत दे चुके थे। अब अन्ना और उनके टीम के सदस्यों को भी लगने लगा है कि बिना चुनाव लड़े व्यवस्था परिवर्तन संभव नहीं है ।  यानी टीम अन्ना इस मुद्दे पर भी रामदेव के पीछे चल पड़ी है ।
    इस सब के बीच जंतर मंतर पर जाने से पहले रामदेव ने जिस अंदाज में  सवा करोड़ लोगों के बिना आंदोलन के औचित्य पर सवाल खड़ा किया, उससे साफ  है कि बाबा को पता है कि भीड़ अब उनके साथ है । और ये अहसास टीम अन्ना को भी कराना चाहते थे । और जंतर मंतर पर समर्थकों के साथ पहुंचकर ये अहसास करा भी दिया । यानी जहां भीड़ के जरिए खिलाड़ी की सफलता आंकी जाती है तो स्वभाविक है फिलवक्त रामदेव ही चैंपियन माने जाएंगे । अब देखिए आगे आगे होता है क्या । 

सोमवार, 23 जुलाई 2012

नेताओं के प्रति लोगों का नज़रिया


पिछले कुछ बरसों में नेताओं को लेकर लोगों का नज़रिया काफी बदला है। आम लोगों के बीच नेताओं की जो छवि सामने आई है, वो लोगों को प्रभावित नहीं किया बल्कि उसमें नकारात्मक संदेश कहीं ज्यादा है। जिन्हें लोग एक पहचान के साथ खड़े करते हैं। जिन्हें सम्मान के साथ अपने प्रतिनिधि के तौर पर भेजते हैं, आज उन्हें ही गरियाने लगे हैं।
      सवाल है कि देश के एक जिम्मेदार और दिशा देनेवाले व्यक्ति को लेकर लोगों में नकारात्मक सोच क्यों है। दरअसल इसके लिए नेता खुद जिम्मेवार हैं। क्योंकि ऐसा एकाएक नहीं हुआ है। पिछले कुछ सालों में नेताओं के स्वभाव, हावभाव, विचार और काम करने के तरीके में नाटकीय ढंग से हुए परिवर्तन का ये दुष्परिणाम है। अपने काम करने के तौर तरीकों के ज़रिए उन्होंने नेता की परिभाषा को बदल दिया है। वे राजनीति को व्यवसाय मात्र समझने लगे हैं। और चुनाव को इंट्रेंस एक्जाम की तरह। परीक्षा पास करने के लिए कुछ भी करते हैं। लोगों से झूठा वादा करते हैं। उजूल-फिजूल बयान देते हैं। अपने सीनियर की चरणपूजा करते हैं। और जब चुनाव जीत जाते हैं, तो फिर उनका एक ही लक्ष्य रह जाता है, ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाना। और जब बात पैसों के इर्द गिर्द घूमने लगती है। तो ये सारा खेल होता है। आम लोगों से उनका सरोकार खत्म होते चला जाता है। और नेता दिल्ली दरबार में सिमटकर रह जाते हैं।   
           ऐसे में अहम सवाल है कि आम लोग क्या करे। जिनके हाथ चुनाव के बाद पांच सालों के लिए बंध जाते हैं। जो सबकुछ देखने और सुनने के लिए मजबूर हैं। मौका मिला तो अन्ना आंदोलन के जरिए अपने गुस्से का इजहार किया। चाय दुकान पर बैठकर गरिया दिये। और फिर चुप। इससे ज्यादा कर भी क्या सकते हैं। लोग बिबस हैं। क्योंकि विकल्पहीन हैं। संसदीय राजनीति में किसी न किसी को तो चुनना है। लोकतांत्रिक ढांचा ऐसा है, जिसमें नेता चाहिए। और नेता आम जनता ही चुनेगी। और हर नेता कमोबेश एक जैसे ही हैं। तो स्वभाविक है कि टकटकी पर लटके लोगों को जब दर्द होगा तो निशाने पर उसे लटकानेवाला ही होगा।

शनिवार, 21 जुलाई 2012

अतिथि क्यों आते हो ?


मेरे एक सहकर्मी के पिताजी की तबियत ख़राब थी। उनको पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। जान पहचान ‎वाले सभी देख आये थे। मेरी भी जिम्मेवारी बनती थी उन्हें देखने की। सो एक दिन मैं भी उनका हालचाल ‎पूछने हॉस्पिटल पहुंच गया। वहां जब मैं अपने सहयोगी को देखा तो वो खुद अपने पिताजी से ज्यादा ‎बीमार दिख रहे थे। चेहरे पर तनाव साफ दिख रहा था। क्योंकि उनके पिताजी उम्र के उस दहलीज पर ‎थे, जहां बीमार होना किसी अनहोनी की अंदेशा को जन्म दे देती था। ‎
               मेरे मित्र ने बताया कि कई दिनों से ठीक से खाना नहीं खाया। ठीक से सो नहीं पाया। ‎बताया कि आज वो बहुत दिनों के बाद खुलकर बातें कर रहा है। लग भी रहा था। बातचीत के दौरान ‎उन्होंने एक क़ायदे की कहानी, जिसे उन्होंने पिछले सात दिनों में अनुभव किया था। ‎
                   बीमारी की ख़बर मित्र से लेकर नाते, रिश्तेदारों तक आग की तरह फैल चुकी थी। लगातार ‎फोन कॉल्स आ रहे थे। चारो तरफ से दिलासा। भरोसा। दुआ। फोन से उपर उठकर धीरे-धीरे नजदीकी लोग ‎हॉस्पिटल तक पहुंचने लगे थे। कुछ देर रूकते। किसी बीमार रिश्तेदार की पुरानी दास्तान सुनाते, सबकुछ ‎ठीक हो जाने का भरोसा दिलाते और चले जाते। कई स्वयंभू तो वकायदा बेहतर डॉक्टर से दिखाने, ‎देखभाल के अच्छे तौर तरीके के बहुमुल्य सुझाव मुफ्त में दे जाते। जैसे जैसे समय बीत रहा था, वैसे वैसे ‎लोगों के आने जाने का सिलसिला भी बढ़ता जा रहा था। सभी शुभचिंतकों की ओर से वही रटी रटायी ‎संवेदना। शुरू शुरू में तो ठीक ठाक लगता था। लेकिन बाद में लोगों की इन बातों से चिर चिराहट बढ़ती ‎जा रही थी। अब तो जैसे कोई हालचाल पूछता तो मानों चिढ़ा रहा हो। ‎
                बीमारी की ख़बर पटना से बाहर भी पहुंच चुकी थी। पटना के रिश्तेदार भी जुटने लगे थे। ‎कई लोग तो अपनत्व दिखाते हुए पूरे परिवार के साथ पहुंच गये। जिन्हें देखभाल करने की जिम्मेवारी भी ‎बढ़ गयी। इतना ही नहीं इन लोगों को पता नहीं था कि मेरे घर से पीएमसीएच का रास्ता कहां है। लेकिन ‎मुझसे प्यार इतना कि वो पापा को देखने के लिए आतुर थे। सो उन्हें घर से हॉस्पिटल तक लाने और ‎पहुंचाना मेरे दिनचर्या में बढ़ गया। इस सब के बीच अगर अचानक पापा की तबियत ज्यादा बिगड़ गयी ‎तो फिर डॉक्टर, दवा के लिए दौड़ना पड़ता था। हमारे देश में अतिथि देव माने जाते हैं। ऐसे में उन्हें आने ‎से मना भी नहीं किया जा सकता था। लेकिन.................‎
               ख़ैर समय बीतता गया। मेरे मित्र के पीताजी स्वस्थ हो गये। घर वापस लौट आये। ‎हलांकि अब जब मैं किसी बीमार व्यक्ति को देखने जाता हूं तो एक बार ये भी ख्याल जरूर में उठता है कि ‎कहीं मैं किसी और को तनाव देने तो नहीं जा रहा हूं । ‎

मंगलवार, 17 जुलाई 2012

सवाल टिप्पणी भर का नहीं है....

पहले टाइम मैग्जिन और अब ब्रिटिश अख़बार ने भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लेकर सवाल खड़ा किया है। टाइम मैग्जिन ने अंडर एचिवर कहा तो द इंडिपेंडेट ने उन्हें सोनिया गांधी के हाथों का गुड्डा करार दिया है । सवाल सिर्फ टाइम मैग्जिन और ब्रिटिश अखबार की टिप्पणी भर से नहीं है। सवाल है कि आखिर ऐसा कहा क्यों जा रहा है। जिस मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री बनते ही विदेशी मीडिया में चिंता की लकीर खींच गई थी,   आज अगर उसी मनमोहन सिंह को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो जाहिर है, कि ये सवाल सिर्फ मनमोहन सिंह की कार्य क्षमता या कांग्रेस को लेकर ही नहीं बल्कि देश के लिए भी है।  
            याद कीजिए, आठ बरस पहले जब मनमोहन सिंह पहली बार प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे थे, तो उस दौर में अमेरिका, चीन और ब्रिटेन से लेकर हर विदेशी मीडिया में इस बात को लेकर चर्चा हुई कि भारत का सबसे सफल वित्त मंत्री अब प्रधानमंत्री बन गया है। तो आर्थिक नीति और संपन्नता में भारत कहीं आगे निकल जाएगा। दूसरे देश पीछे छूट जाएंगे। कहीं न कहीं पहली कतार में खड़े देशों के बीच एक डर बन गया था। मनमोहन सिंह से ये उम्मीद की जा रही थी कि बतौर वित्त मंत्री उन्होंने जो करके दिखाया, उसे वो प्रधानमंत्री बनने के बाद आगे बढ़ाएंगे। उनसे उस सपने को पूरा करने की उम्मीद थी, जिसने आर्थिक उदारीकरण के आसरे लोगों में जगाया था। देश की अर्थव्यवस्था और मज़बूत होगी। आर्थिक रूप से संपन्न भारत दुनिया पर भारी पड़ेगा।  
    लेकिन आठ साल बीत जाने के बाद जब ऐसा कुछ भी नहीं दिखा। न तो अर्थव्यवस्था को लेकर मनमोहन सिंह ने कोई नीति बनाई और न ही ऐसा कुछ किया, जो सोनिया गांधी के विचार से इतर हो। देश की आर्थिक व्यवस्था चौपट होती गई । और मनमहोन सिंह मौन बने रहे । महंगाई आसमान छूती गई । पाकिस्तान और बंग्लादेश से ज्यादा कीमतों पर भारत में पेट्रोलियम बिकने लगा। डॉलर के मुकाबले रूपया टूटता ही जा रहा है । लेकिन मनमोहन सिंह कोई ठोस फैसला नहीं ले सके। अगर रोजगार गांरटी योजना की बात हो या फिर इंदिरा आवास योजना, सब का श्रेय कांग्रेस और सरकार दोनों, सोनिया गांधी को देती है, न कि मनमोहन सिंह को। तो ऐसे में अब विदेशी मीडिया को टिप्पणी करने का मौका मिल रहा है। और इसमें वो पीछा भी नहीं हट रही। 

सोमवार, 16 जुलाई 2012

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट क्या है...

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट । गाड़ियों में लगाये जानेवाले नंबर प्लेट का सरकारी भर्सन । आम लोगों के लिए टेंशन । सरकारी बाबुओं के लिए लेनदेन का नया साधन । नौकरी करते हुए एक और पेंशन । परिवहन विभाग प्राधिकरण के केन्द्रों पर ठेलमठेल भीड़ । धक्का मुक्की । नंबर आते आते समय खत्म । वगैरह, वगैरह ।
 ये गाड़ी मालिक की बात है । लेकिन सरकार को लगता है कि इस नंबर प्लेट के जरिए गाड़ियों के गलत इस्तेमाल से रोका जा सकता है। आतंकी जितनी आसानी से आतंकी घटनाओं में गाड़ियों का इस्तेलाम करते हैं, उस पर लगाम लगेगा। इसलिए इसे बनाने में काफी मशक्कत की गई है।    
  हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट एल्युमिनियम की बनी होती है । इसे रिपिट के जरिए गाड़ियों  में लगाया जाता है। प्लेट को गाड़ियों में इस तरह लगाया जाता है कि वो टूट जाए, लेकिन उखड़ नहीं पाए । जब आप टूटा हुआ प्लेट लेकर जाएंगे, तभी दूसरा नंबर प्लेट मिलेगा । इतना ही नहीं, नंबर प्लेट पर सात अंकों का एक सिक्योरिटी कोड होगा, जिसकी मदद से वाहन की पूरा जानकारी पाई जा सकती है । इस नंबर प्लेट पर होलो ग्राम के साथ साथ रिफ्लेक्टर भी लगे हुए हैं, जो अंधेरे में लाइट पड़ने पर चमकेगा और नंबर को साफ साफ पढ़ा जा सकेगा । हर गाड़ी पर नंबर एक ही स्टाइल में होंगे। जिससे नंबर नोट करने में, आसानी होगी ।
    नई गाड़ियों में नंबर प्लेट के लिए परिवहन विभाग ऑनलाइन संबंधित कंपनी से बात करेगा । एमएलओ से मिली ऑथराइजेशन स्लिप के बाद छह दिनों के भीतर प्लेट लगानी होगी । आपको स्लिप कटवाना होगा । ये स्लिप लेकर जाएंगे, तभी नंबर प्लेट मिलेगा । नंबर प्लेट के साथ साथ गाड़ी के पीछे भी विशेष स्टीकर लगाया जाएगा, जिसमें गाड़ी का इंजन, चेसिस, लेजर और रजिस्ट्रेशन नंबर होगा। सफेद या पीली प्लेट पर मशीन से नंबर लगाया जाता है। इसके बाद प्लेट पर लेमिनेशन की जाती है। मार्क नंबर का रेकॉर्ड बनाया जाता है । गाड़ी नंबर के रेकॉर्ड का एक नन रिमुवल कार्ड गाड़ी के पीछे लगाया जाता है।